बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह अपने न्यूड फोटोशूट को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इस मामले में मुंबई में रणवीर सिंह के खिलाफ एक FIR दर्ज हुई है। रणवीर ने ये फोटोशूट हाल ही में ‘पेपर मैगजीन’ के लिए कराया था। यही तस्वीर सोशल मीडिया में शेयर किए जाने के बाद से ही इस मामले पर हंगामा मचा हुआ है।
आज हम जानेंगे क्या भारत में न्यूड फोटो शेयर करना क्राइम है? रणवीर सिंह के खिलाफ किन धाराओं में केस दर्ज हुआ है? देश में अश्लीलता को लेकर क्या कानून है? रणवीर सिंह से पहले किन मशहूर हस्तियों के खिलाफ अश्लीलता फ़ैलाने को लेकर केस दर्ज हुआ है?
अक्सर अपने कपड़ों के लिए चर्चा में रहने वाले बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह इस बार न्यूड फोटोशूट कराने के बाद विवादों में आ गए हैं। इस तस्वीर में रणवीर सिंह बिना कुछ पहने एक कालीन पर लेटे हुए दिख रहे हैं। वहीं एक और तस्वीर में वह केवल अंडरवियर पहने हुए नजर आ रहे हैं। एक इंटरव्यू में रणवीर ने यह कहा भी था कि ‘वह हजार लोगों के सामने न्यूड हो सकते हैं।’
रणवीर सिंह के इसी न्यूड फोटोशूट के खिलाफ मुंबई के चेंबूर में FIR दर्ज कराई गई है। शिकायकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस फोटोशूट से रणवीर ने ‘महिलाओं की भावनाएं आहत’ की हैं। ये FIR मुंबई स्थित श्याम मंगाराम फाउंडेशन नामक NGO के संचालक ने दर्ज कराई है। रणवीर सिंह के खिलाफ इंडियन पीनल कोड यानी IPC की 4 धाराओं-292, 293, 509 और 67A के तहत केस दर्ज हुआ है।
क्या सोशल मीडिया पर न्यूड फोटो शेयर करना क्राइम है?
भारत में अश्लीलता को लेकर कानून तो है लेकिन इसे स्पष्ट रूप से परिभाषित नहीं किया है। IPC सेक्शन 292 और IT एक्ट सेक्शन 67 में उन मटेरियल को अश्लील बताया गया है जो कामुक है, या कामुकता पैदा करता है और इसे पढ़ने, देखने और सुनने वाले को बिगाड़ दे। हालांकि, कानून में कामुक, कामुकता किसे माना जाए इसको लेकर साफ परिभाषा नहीं है और इसकी व्याख्या करने का अधिकार कोर्ट पर छोड़ दिया गया है।
भारत में 2014 में सुप्रीम कोर्ट ने एक केस की सुनवाई करते हुए कहा, ”अश्लीलता के सवाल को उस संदर्भ में देखा जाना चाहिए जिसमें तस्वीर दिखाई गई हो और वह मैसेज जो वह देना चाहती हो।”
रणवीर सिंह के अलावा इन लोगों पर पहले दर्ज हो चुकी है FIR
बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह अकेले सेलिब्रिटी नहीं हैं जिनको न्यूड फोटोशूट की वजह से कानूनी समस्याओं का सामना करना पड़ा है। नवंबर 2020 में मॉडल और एक्टर मिलिंद सोमन के खिलाफ भी गोवा पुलिस ने अश्लीलता फैलाने के मामले में ही केस दर्ज किया था। उनके खिलाफ यह कार्रवाई गोवा में बीच के किनारे न्यूड फोटोशूट कराने के आरोप में की गई थी। इसके अलावा, पूनम पांडे, आमिर खान, सोफिया हयात समेत कई सेलिब्रिटी पर न्यूड फोटोशूट के मामले में केस दर्ज किया गया है।
Written By
Yasmin